जनता दर्शन में 36 शिकायतें, डीएम स्वाति भदौरिया ने अफसरों को दिए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

  • सड़क, शिक्षा, पेयजल, बिजली, आवास, पेंशन और वन्यजीव से जुड़े मामले पहुंचे कलेक्ट्रेट
  • पुराने मामलों की भी हुई समीक्षा, कई शिकायतों का मौके पर समाधान; डीएम बोलीं- निस्तारण औपचारिकता नहीं, शिकायतकर्ता को मिले वास्तविक राहत

पौड़ी। जनता की समस्याओं के समाधान को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को नियमानुसार वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। जनता दर्शन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, शिक्षा, आंगनबाड़ी, पेयजल, विद्युत, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, वन्यजीव, आपदा और अतिक्रमण समेत विभिन्न मामलों से जुड़ी 36 शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व जनता दर्शन में आई शिकायतों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

आंगनबाड़ी तक 50 मीटर रास्ते का निर्देश

नलई क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र तक पहुंच मार्ग की समस्या पर जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान के माध्यम से करीब 50 मीटर मार्ग तैयार कराने के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत रखूण में उद्यान विभाग के भवन से जुड़े मामले में संयुक्त मजिस्ट्रेट ने बताया कि जांच में सरकारी भवन पर कब्जे की पुष्टि नहीं हुई है। किसान विकास पत्र की पत्रावलियों की डुप्लीकेट प्रति उपलब्ध कराने के मामले में भी डीएम ने नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

सड़क, पुश्ते और पेयजल की शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई

नैनीडांडा में पौधों की आपूर्ति एवं भुगतान से जुड़े प्रकरण पर जिला विकास अधिकारी को सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए। तोणख्या में पंचायत भवन के समीप सड़क के पुश्ते के मामले में मौका निरीक्षण करने तथा खांड्यूसैंण-भुवनेश्वरी मोटर मार्ग पर पेयजल पाइपलाइन की समस्या के समाधान के लिए संबंधित जेई को मौके पर भेजकर मरम्मत कराने को कहा गया। चवथ में सोलर एलईडी लाइटों के भुगतान के मामले में धनराशि और भुगतान की स्थिति का सत्यापन कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जर्जर स्कूल भवन पर डीएम सख्त, सुरक्षा को प्राथमिकता

राजकीय इंटर कॉलेज घिंघवाड़ा के भवन को ध्वस्त करने की अनुमति मिलने की जानकारी पर डीएम ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए मुख्य शिक्षाधिकारी को आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के निर्देश दिए। सतपुली के दनगलेश्वर मंदिर के सुधारीकरण कार्य की गुणवत्ता और महिला शौचालय की सुविधा से जुड़ी शिकायत पर जिला पर्यटन अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

सड़कों को गड्ढामुक्त करने के अभियान की भी समीक्षा

सिंडी-जसकोट मार्ग पर आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए। शहीद मार्ग दोमटखाल को लेकर डीएम ने बताया कि जिले में सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की निगरानी के लिए अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है और कार्यों की दैनिक प्रगति की समीक्षा की जा रही है।

सीएससी संचालकों को प्रशिक्षण, यातायात व्यवस्था पर भी निर्देश

कॉमन सर्विस सेंटरों से जुड़े मामलों में प्रशिक्षण की आवश्यकता को देखते हुए ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को सीएससी संचालकों के लिए प्रशिक्षण आयोजित कराने को कहा गया। नागरिक कल्याण एवं जागरूकता समिति की यातायात संबंधी शिकायत पर एएसपी को संबंधित स्थानों पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डांग गांव समेत विभिन्न क्षेत्रों से आई वन्यजीव संबंधी शिकायतों पर भी संबंधित विभाग को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

जनता मिलन में आई शिकायतों पर भी दिखा कार्रवाई का असर

जनता दर्शन में पूर्व में प्राप्त शिकायतों की प्रगति की समीक्षा के दौरान कई मामलों में हुई कार्रवाई की जानकारी भी सामने आई। राजकीय अस्पताल बेदीखाल में चिकित्सक की तैनाती नहीं होने की शिकायत पर डीएम ने बताया कि चिकित्सक को अस्पताल से संबद्ध कर दिया गया है। पौड़ी निवासी पूरण सिंह नेगी की सोलर कनेक्शन से जुड़े विद्युत संयोजन और बिल की शिकायत पर अधिशासी अभियंता की जांच के बाद नियमानुसार विद्युत देयक में संशोधन कर मामले का निस्तारण किया गया।

मानसिक स्वास्थ्य के मामलों में भी कराई गई मदद

पूर्व जनता दर्शन में सामने आई मानसिक स्वास्थ्य संबंधी शिकायत पर संबंधित महिला का राज्य मानसिक स्वास्थ्य संस्थान, सेलाकुई में उपचार कराया गया और स्वस्थ होने के बाद वह घर लौट गई। ग्राम डांग निवासी ऊमा देवी की शिकायत पर कुलदीप सिंह का विशेषज्ञ टीम से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। आवश्यक प्रक्रिया के बाद उन्हें 18 सितंबर को उपचार के लिए सेलाकुई भेजा गया।

स्कूल प्रबंधन का मामला भी निस्तारित

जनता इंटर कॉलेज कमलपुर, संगलाकोटी में प्रबंध संचालक/प्रबंधक की नियुक्ति से जुड़ी शिकायत पर डीएम ने बताया कि अपर शिक्षा निदेशक, माध्यमिक शिक्षा की ओर से विद्यालय में प्रबंध संचालक की नियुक्ति कर दी गई है।

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दर्शन और जनता मिलन में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और परिणामपरक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी जाए। इस दौरान मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए विभागीय स्तर पर लंबित मामलों के नियमित निस्तारण के भी निर्देश दिए गए।

ये अधिकारी रहे मौजूद

डीएफओ महातिम यादव, अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, एएसपी (संचार) अनूप काला, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, डीडीओ रमेश चंद्र, डीपीआरओ जितेंद्र कुमार, डीएसटीओ राम सलोने, अधिशासी अभियंता जल संस्थान टी.एस. रावत, जल निगम से नवनीत कटारिया, मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय, एआरटीओ मंगल सिंह, जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबड़िया, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका संजय कुमार, एलडीएम किशन रावत सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

शिक्षा के क्षेत्र में स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के अथक प्रयासों का देश दुनिया को मिल रहा लाभ – डॉ. विजय धस्माना

Tue Sep 22 , 2026
देहरादून। स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय ने आधिकारिक विश्वविद्यालय समारोह में प्रतिष्ठित शैक्षणिक विशेषज्ञ डॉ. प्रसाद ए. वडेगाॅनकर का स्वागत किया। उच्च शिक्षा प्रशासन, उद्योग और प्रतिलेखन शोध के माध्यम से, डॉ. वडेगाॅनकर ने संकल्प के साथ कार्यालय में कदम रखा, जो भारतीय ज्ञान प्रणाली और हिमालयी भावना में निहित प्रमुख, […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!