सीएम धामी का पत्रकारों को दीपावली तोहफा, पेंशन बढ़ेगी और मान्यता का दायरा भी

देहरादून। उत्तराखंड में पत्रकारों की पेंशन बढ़ाने के साथ ही मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को उत्तरांचल प्रेस क्लब के दीपावली महोत्सव में पत्रकारों के हित में दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि तहसील, जिला और प्रदेश स्तर पर मान्यता प्राप्त पत्रकारों की संख्या बढ़ाई जाएगी। साथ ही पत्रकार पेंशन की राशि में भी वृद्धि की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र को मजबूत बनाने के साथ जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पत्रकारिता समाज और सरकार के बीच संवाद का माध्यम है। सरकार की योजनाओं और नीतियों को जनता तक पहुंचाने के साथ उनके क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति सामने लाने में भी मीडिया की अहम भूमिका है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों और कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पत्रकारों की सुरक्षा, स्वास्थ्य बीमा, आकस्मिक सहायता और आवासीय सुविधाओं के लिए सरकार विभिन्न स्तरों पर काम कर रही है। वरिष्ठ पत्रकारों के सम्मान और सामाजिक सुरक्षा का भी ध्यान रखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार पत्रकार कल्याण कोष की धनराशि पांच करोड़ से बढ़ाकर दस करोड़ रुपये कर चुकी है। पत्रकार पेंशन में पहले भी वृद्धि की गई है। अब इसमें फिर बढ़ोतरी की जाएगी।

डिजिटल मीडिया और सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि फेक न्यूज और भ्रामक सूचनाएं बड़ी चुनौती हैं। ऐसे में तथ्यों की पुष्टि के बाद निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरें जनता तक पहुंचाना पत्रकारों की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने मीडिया सेंटरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने और प्रेस क्लबों को सशक्त बनाने की बात भी कही। उन्होंने पत्रकारों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश के विकास में उनके रचनात्मक सहयोग की अपेक्षा की।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी, प्रेस क्लब अध्यक्ष अजय सिंह राणा, महामंत्री योगेश सेमवाल, कोषाध्यक्ष मनीष डंगवाल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

राजकीय मेले का दर्जा मिला, अब मैठाणा में सुविधाओं की दरकार

Sun Nov 8 , 2026
10 दिसंबर से शुरू होगा सात दिवसीय मेला समिति ने डीएम से की मुलाकात कर व्यवस्था का उठाया मुद्दा गोपेश्वर (चमोली)। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद राजकीय मेले का दर्जा पाने वाले मैठाणा मेले को भव्य रूप देने की तैयारी शुरू हो गई है। 10 से 16 दिसंबर तक आयोजित […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!