हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना सर्वोच्च प्राथमिकता – डीएम गौरव कुमार

  • बूथ स्तर पर रोज होगी मॉनिटरिंग, राजनीतिक दलों के साथ जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक
  • राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक, बूथ स्तर पर दैनिक मॉनिटरिंग एवं प्रगति रिपोर्ट साझा करने के निर्देश
चमोली : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसआईआर अभियान की प्रगति, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण, नोटिस वितरण तथा निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में अब तक 63,347 नोटिसों के सापेक्ष 61,194 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं तथा शेष 2,153 नोटिसों का वितरण भी निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने की कार्रवाई जारी है। इनमें बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र के 21,900, थराली के 19,935 तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 21,512 नोटिस शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जनपद की तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,72,188 मतदाता हैं, जिनमें से 2,61,060 मतदाताओं का सफलतापूर्वक मैपिंग कार्य पूर्ण किया जा चुका है। निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन के लिए जनपद के 633 मतदेय स्थलों पर 14 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों एवं 31 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त 633 बूथ लेवल अधिकारियों के सहयोग के लिए 633 अतिरिक्त कार्मिक भी नामित किए गए हैं, जो दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई, अभिलेखों के परीक्षण तथा अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों में सहयोग प्रदान करेंगे।
बैठक में बताया गया कि बद्रीनाथ विधानसभा क्षेत्र में 3 से 28 अगस्त, थराली विधानसभा क्षेत्र में 3 से 31 अगस्त तथा कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में 3 से 22 अगस्त 2026 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के 633 मतदेय स्थलों के सापेक्ष विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों द्वारा अब तक 1,184 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त किए जा चुके हैं।
बैठक में निर्वाचन प्रपत्रों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। बताया गया कि नए मतदाता पंजीकरण के लिए प्रारूप-6 के सापेक्ष प्रारूप-9, नाम विलोपन हेतु प्रारूप-7 के सापेक्ष प्रारूप-10, जबकि नाम, पता अथवा अन्य संशोधन एवं स्थानांतरण संबंधी प्रारूप-8 के सापेक्ष प्रारूप-11, 11(क) एवं 11(ख) में संबंधित मतदाता का पूर्ण विवरण उपलब्ध कराया जाता है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि प्रारूप-11 नाम एवं पते के संशोधन, प्रारूप-11(क) एक बूथ से दूसरे बूथ पर स्थानांतरण तथा प्रारूप-11(ख) एक विधानसभा क्षेत्र से दूसरे विधानसभा क्षेत्र में स्थानांतरण से संबंधित विवरण उपलब्ध कराता है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ सतत समन्वय बनाए रखा जाए। यदि किसी मतदाता तक पहली बार नोटिस नहीं पहुंच पाता है तो पुनः नोटिस जारी करते हुए आवश्यकतानुसार चस्पा की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए तथा जनप्रतिनिधियों के सहयोग से संबंधित जानकारी प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से बूथ स्तर पर प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने का आग्रह किया तथा अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर अभियान की दैनिक प्रगति रिपोर्ट राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित रूप से साझा की जाए, जिससे पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं विश्वासपूर्ण ढंग से संपादित हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी राज कुमार पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती, भारतीय जनता पार्टी से विनोद कुमार नेगी, कांग्रेस से मदन लोहनी, आम आदमी पार्टी से अनूप रावत सहित ईश्वरी मैखुरी, खीम राम कोठियाल, गजेंद्र सिंह रावत व विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं निर्वाचन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार के लिए 13 महिलाओं का चयन, राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी पुरस्कार के लिए 35 कार्यकर्तियां होंगी सम्मानित

Thu Aug 6 , 2026
देहरादून। महिला सशक्तीकरण और समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के लिए उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के तीलू रौतेली राज्य स्त्री शक्ति पुरस्कार हेतु 13 महिलाओं का चयन किया है। इसके साथ ही राज्य स्तरीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पुरस्कार के लिए राज्यभर […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!