24 घंटे में तीन हत्याओं से दहली राजधानी देहरादून, रिश्तों का कत्ल कर रही हिंसा

  • नशे के लिए रुपये नहीं मिलने पर बेटे ने पिता को चाकू से गोदा.
  • अस्पताल में मौत; दो अन्य हत्याओं से भी शहर में दहशत.

देहरादून। राजधानी देहरादून में पिछले 24 घंटे के दौरान हुई तीन हत्याओं ने कानून-व्यवस्था और शहर की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामूली विवाद से शुरू हुई कहासुनी हो या संपत्ति को लेकर पारिवारिक रंजिश, हिंसा की घटनाओं में तीन लोगों की जान चली गई। सबसे चौंकाने वाली घटना राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन में सामने आई, जहां नशे की लत के चलते एक बेटे ने अपने ही पिता पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 7:15 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि चलांग कुल्हन निवासी 62 वर्षीय मदन राणा को उनके बेटे नितिन राणा ने चाकू मारकर घायल कर दिया है। सूचना पर राजपुर थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि 35 वर्षीय नितिन राणा नशे का आदी है। सोमवार शाम वह अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए रुपये मांग रहा था। रुपये देने से इनकार करने पर आरोपी दरांती लेकर भांजे पर हमला करने दौड़ा। ऋषभ ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। इसी दौरान मदन राणा बेटे को समझाने और रोकने के लिए बीच-बचाव करने पहुंचे। इस बात से गुस्साए नितिन ने पिता पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए गए हैं। राजपुर थाना प्रभारी पीड़ी भट्ट के अनुसार, आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

सुरी चौक पर 15 वर्षीय किशोर की संदिग्ध मौत

राजधानी में हत्या की दूसरी घटना सुरी चौक पर सामने आई, जहां लड़कों के बीच हुए विवाद के बाद 15 वर्षीय अर्श की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद उसके दोस्तों ने कथित तौर पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया और वहां से चले गए। परिजनों का आरोप है कि अर्श के साथ मौजूद दोस्तों ने घटना की जानकारी उनसे छिपाई। परिजनों को उसके दोस्तों पर ही शक है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

संपत्ति विवाद में खुखरी से हमला, एक की मौत

वहीं, रायपुर थाना क्षेत्र के तल्ला अधोईवाला में संपत्ति विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हुआ। यहां एक युवक पर खुखरी से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गौरव के रूप में हुई है। हमले में उसका चचेरा भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वारदात के बाद से आरोपी फरार बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।

लगातार तीन हत्याओं से दहशत में लोग

देहरादून में महज 24 घंटे के भीतर सामने आई इन तीन घटनाओं ने शहर को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर नशे की लत ने पारिवारिक रिश्तों को तार-तार कर दिया, तो दूसरी ओर किशोरों के बीच विवाद और संपत्ति की रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। लगातार हो रही इन वारदातों से आम लोगों में चिंता बढ़ गई है। अब पुलिस के सामने न केवल तीनों मामलों की गुत्थी सुलझाने, बल्कि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने की भी चुनौती है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

जेनी प्रकरण में हरक सिंह रावत का नया दावा, बेटे के पिता का नाम बताया ‘बबलू’

Thu Nov 12 , 2026
देहरादून। करीब 23 साल पुराने जेनी प्रकरण में सोमवार को नया मोड़ आ गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री और कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने मीडिया के सामने दावा किया कि जेनी के बेटे के पिता का नाम दून अस्पताल के रिकॉर्ड में ‘बबलू’ दर्ज है। […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!