उत्तराखंड में बनेगा देश का पहला ‘अग्निवीर सेल’, सीएम धामी का बड़ा ऐलान

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निवीरों के सम्मान और उनके उज्ज्वल भविष्य को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि उत्तराखंड देश का पहला राज्य बनेगा, जहां सेवामुक्त अग्निवीरों के लिए विशेष ‘अग्निवीर सेल’ की स्थापना की जाएगी। यह सेल उन्हें राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से जोड़ने और रोजगार व स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का कार्य करेगा।

शुक्रवार को कुआंवाला स्थित यूथ फाउंडेशन ट्रेनिंग एरिया में आयोजित युवा अग्निवीर संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सेना में सेवा देने वाले प्रत्येक युवा को सम्मानजनक भविष्य देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि पर्यटन विभाग की होमस्टे योजना के तहत पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को होमस्टे स्थापित करने के लिए विशेष अनुदान दिया जाएगा। सीमावर्ती गांवों में स्वरोजगार से जुड़ी अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए भी विशेष सहायता प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवामुक्त अग्निवीरों को पुलिस, वन विभाग, आपदा प्रबंधन सहित राज्य की विभिन्न सरकारी सेवाओं में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। भर्ती में आयु सीमा में छूट और प्राथमिकता भी सुनिश्चित की गई है।

उन्होंने बताया कि शहीद परिवारों की अनुग्रह राशि 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। आश्रितों को सरकारी सेवा में समायोजन, आवेदन की समय सीमा दो वर्ष से बढ़ाकर पांच वर्ष करने तथा युद्ध विधवाओं, दिव्यांग सैनिकों और पूर्व सैनिकों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीर बनना केवल रोजगार नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सर्वोच्च अवसर है। सेना में बिताए गए चार वर्ष युवाओं के जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होंगे और राज्य सरकार उनके सम्मान व भविष्य की सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है। सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड आज विकास, सुशासन और पारदर्शिता के नए मानक स्थापित कर रहा है।

कार्यक्रम में विधायक बृजभूषण गैरोला, यूथ फाउंडेशन के संस्थापक कर्नल (सेवानिवृत्त) अजय कौठियाल, मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) गुलाब सिंह रावत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल समेंत अनेक अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

बदरीनाथ हाईवे पर बॉटल नेक हटाने की तैयारी तेज

Sat Jul 18 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित करने वाले बाॅटल नेक के चैड़ीकरण पर जोर दिया है। गोपेश्वर में आयोजित बैठक में डीएम ने कहा कि बदरीनाथ हाईवे पर जिन स्थानों पर भवन संबंधित विवाद नहीं है अथवा भूमि अधिग्रहण में बाधा नहीं […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!