मानकों के विपरीत संचालित 96 होमस्टे पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

देहरादून। देहरादून में मानकों के विपरीत संचालित होमस्टे के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ा अभियान चलाते हुए अब तक 96 होमस्टे के पंजीकरण निरस्त कर दिए हैं। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन सफाई” के तहत प्रथम चरण में 17 और द्वितीय चरण में 79 अवैध होमस्टे पर कार्रवाई की गई है। साथ ही इन होमस्टे को पर्यटन विभाग की वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

जिला प्रशासन द्वारा गठित पांच मजिस्ट्रेट टीमों ने अब तक 136 होमस्टे का निरीक्षण किया। जांच में कई होमस्टे होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की तरह संचालित पाए गए। कई स्थानों पर बिना अग्निशमन उपकरण, बिना फूड लाइसेंस और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालन किया जा रहा था। प्रशासन के अनुसार कई होमस्टे लीज और किराये पर संचालित हो रहे थे, जबकि नियमों के अनुसार होमस्टे में स्वामी का निवास अनिवार्य है।

निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कुछ होमस्टे में रातभर नियम विरुद्ध बार संचालन, तेज आवाज में डीजे और अन्य गैरकानूनी गतिविधियां संचालित हो रही थीं। प्रशासन का कहना है कि ऐसे होमस्टे कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बनते जा रहे थे और उपद्रवी प्रवृत्ति के लोग यहां ठहरकर शहर में हुड़दंग, ओवरस्पीडिंग और हथियारों के प्रदर्शन जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि होमस्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, पारंपरिक खानपान और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना है, लेकिन कई लोग इसका व्यावसायिक दुरुपयोग कर रहे थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के विपरीत संचालित होमस्टे के खिलाफ आगे भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

प्रशासन के अनुसार निरीक्षण में कई होमस्टे में रसोई व्यवस्था नहीं मिली, अग्निशमन उपकरणों की वैधता समाप्त पाई गई और निर्धारित क्षमता से अधिक कमरों का संचालन किया जा रहा था। कुछ मामलों में विदेशी नागरिकों के ठहराव की अनिवार्य सूचना भी उपलब्ध नहीं कराई गई थी।

जिला प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद होमस्टे संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम लोगों ने कानून व्यवस्था और सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासनिक कार्रवाई को जरूरी कदम बताया है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सड़कों के निर्माण में लापरवाही पर भड़के सांसद अनिल बलूनी, दिशा बैठक में अधिकारियों को लगाई फटकार, बोले- योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे

Fri May 15 , 2026
केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेःअनिल बलूनी गोपेश्वर (चमोली)। कलेक्ट्रेट सभागार गोपेश्वर में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद अनिल बलूनी ने डुमक-कलगोठ मोटर मार्ग और निजमुला-गौणा-पाणा ईरानी मोटर मार्ग निर्माण कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों […]

You May Like

Chief Editor

Ravi Priyanshu

Share
error: Content is protected !!