गौचर मेले को इस बार मिलेगा नया रंग-रूप

14 से 20 नवंबर तक होगा 74वां राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेला

गोपेश्वर (चमोली)। 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। 14 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले मेले को लेकर शुक्रवार को मेला समिति की पहली बैठक को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को सभी तैयारियां तय समय में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय संस्कृति, कलाकारों, व्यापारियों, महिलाओं और युवाओं को मेले के केंद्र में रखने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने कहा कि मेले को केवल मनोरंजन और खरीदारी तक सीमित न रखते हुए रोजगार, स्वरोजगार और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने वाला मंच बनाया जाए। युवाओं को रोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए रोजगार मेले का आयोजन करने तथा महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित करने का सुझाव भी बैठक में आया।

व्यापार संघ ने मुख्य मेला मंच के आसपास का क्षेत्र खुला और व्यवस्थित रखने, स्थानीय दुकानदारों को दुकानों की दरों में रियायत देने, सांस्कृतिक संध्याओं का विस्तार करने और स्थानीय कलाकारों को अधिक अवसर देने की मांग रखी। पार्किंग व्यवस्था मजबूत करने, मेले में सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और स्वागत समिति गठित करने पर भी चर्चा हुई।

बैठक में पिछले मेले के आय-व्यय का ब्योरा भी रखा गया। अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने मेले की स्मारिका प्रकाशित करने का सुझाव दिया। उद्योग विभाग और अन्य विभागों के सहयोग से युवाओं को रोजगार, उद्यमिता और सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने विभागीय स्टॉलों को महज औपचारिक प्रदर्शन तक सीमित न रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टॉलों को आकर्षक, जानकारीपरक और जनोपयोगी बनाने तथा योजनाओं के लाभार्थियों को मौके पर बुलाकर उन्हें योजनाओं की जानकारी और लाभ दिलाने को कहा। उन्होंने मेले का ले-आउट समय से तैयार करने के साथ पार्किंग, शौचालय, पेयजल, बिजली और यातायात की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। मैदान के प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण कराने, सुरक्षा ऑडिट और सीसीटीवी से निगरानी सुनिश्चित करने को भी कहा।

मेले को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए एकल उपयोग प्लास्टिक पर प्रतिबंध प्रभावी रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, औद्योगिक और विभागीय प्रदर्शनी, व्यापारिक गतिविधियों, यातायात, सुरक्षा, स्वच्छता, पेयजल, बिजली और प्रचार-प्रसार समेत सभी व्यवस्थाओं पर चर्चा हुई।

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष संदीप नेगी, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मेला अधिकारी अलकेश नौड़ियाल, नगर पालिका सभासद, व्यापार संघ के पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के उल्लंघन पर हाई कोर्ट ने उत्तराखण्ड पुलिस को लगाई फटकार, कहा पोर्टल चला कर दिखायें

Sat Sep 19 , 2026
नैनीताल। मुख्य न्यायाधीश मनोज कुमार गुप्ता और न्यायमूर्ति सुभाष उपाध्याय की खंडपीठ ने पुलिस विभाग से पूछा है कि इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों का अनुपालन क्यों नहीं किया जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट आदेश हैं कि मुकदमा दर्ज होने के बाद उसे सार्वजनिक पोर्टल पर अपलोड […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!