उक्रांद ने रोका महेंद्र भट्ट का काफिला, स्थानीय मुद्दों और कर्णप्रयाग घटना पर मांगा जवाब

गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के केंद्रीय महामंत्री बीरू सजवाण के नेतृत्व कार्यकर्ताओं ने पोखरी के भैरवधार थालाबैड में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का काफला रोक कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं तथा कर्णप्रयाग में हुई हालिया घटना को लेकर जवाब मांगा।

उक्रांद कार्यकर्ताओं ने भैरवधार में महेंद्र भट्ट के काफिले को रोककर विगत एक वर्ष से अधूरी पड़ी पुलिया के निर्माण में हो रही देरी पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि पुलिया निर्माण में लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई कब होगी और क्षेत्रवासियों को राहत कब मिलेगी।

केंद्रीय महामंत्री सजवाण ने कहा कि डूंगर, रडुवा-काड़ई, सलना समेत कई गांवों के ग्रामीणों ने अपनी सड़कों का निर्माण स्वयं किया है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब जनता को अपनी मूलभूत सुविधाओं के लिए खुद संघर्ष करना पड़ रहा है तो सरकार विकास के दावों को किस आधार पर प्रस्तुत कर रही है।

सजवाण ने कर्णप्रयाग में स्थानीय लोगों पर धारदार हथियारों से हुए हमले का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इससे पहले ज्योतिर्मठ समेत अन्य स्थानों पर भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन सरकार ने अब तक कोई स्पष्ट नीति नहीं बनाई है। उन्होंने चारधाम यात्रा के लिए स्थायी एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) तैयार करने की मांग करते हुए कहा कि धार्मिक यात्राओं के दौरान किसी भी व्यक्ति को घातक हथियार लेकर धामों में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।

उक्रांद महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष राजेश्वरी बत्र्वाल ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के अपने गांव की सड़कें तक पक्की नहीं बन पाई हैं, जबकि ग्रामीण लंबे समय से इसकी मांग कर रहे हैं। उन्होंने सरकार के विकास दावों पर सवाल उठाए। जिला महामंत्री सुबोध बिष्ट ने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व जनता की समस्याएं सुनने को तैयार नहीं है। इससे लोगों का भरोसा लगातार कम हो रहा है।

युवा प्रकोष्ठ के महामंत्री धर्मेंद्र फरस्र्वाण ने महेंद्र भट्ट के कथित बयान पहले चुनाव जीतो और खुद विकास करो को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पिछले 26 वर्षों से सत्ता में रहे दलों के बावजूद लोगों को सड़कें और खेल मैदान खुद बनाने पड़ रहे हैं, जो विकास के दावों की वास्तविकता को दर्शाता है।

इस दौरान युवा प्रकोष्ठ ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मण नेगी, गिरीश नेगी, भरत सिंह कुंवर, दमयंती चैधरी, सपना परमार, बबीता देवी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

उमा सिसोदिया के सहारे नए समीकरण साधने में जुटी आप

Sun Jun 21 , 2026
देहरादून। उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी ने संगठन को नया स्वरूप देते हुए उमा  सिसोदिया को प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। राजनीतिक हलकों में इस नियुक्ति को महज संगठनात्मक फेरबदल नहीं, बल्कि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस के बीच अपनी राजनीतिक जगह बनाने की रणनीति […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!