उत्तराखण्ड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का निधन

देहरादून: उत्तराखण्ड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हीरा सिंह बिष्ट का रविवार तड़के आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से प्रदेश कांग्रेस के साथ ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे बिष्ट ने अपने राजनीतिक जीवन में श्रमिकों, मलिन बस्तीवासियों और आम जन के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। उन्हें जमीनी नेता के रूप में पहचान मिली थी।

परिजनों के अनुसार, रविवार तड़के करीब डेढ़ बजे उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई। इसके बाद उन्हें तत्काल ईस्ट कैनाल रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

हीरा सिंह बिष्ट ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय भूमिका निभाई। उत्तराखंड में एनडी तिवारी सरकार के दौरान उन्होंने परिवहन, श्रम और तकनीकी शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री के रूप में संभाली। इसके अलावा वह भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे और श्रमिकों के अधिकारों के लिए लगातार आवाज उठाते रहे।

उनके निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उनके सेवक आश्रम रोड स्थित आवास पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन को प्रदेश कांग्रेस और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति बताया तथा शोक संवेदना व्यक्त की।

परिवार के करीबी हिमांशु ने बताया कि हीरा सिंह बिष्ट का अंतिम संस्कार नालापानी श्मशान घाट में किया जाएगा।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार मिलने पर प्रह्लाद जोशी बोले- पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाऊंगा जिम्मेदारी

Sun Jul 26 , 2026
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी को शिक्षा मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। नई जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर जताया गया विश्वास उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह इस दायित्व का निर्वहन […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!